सूरजपुर : रंगमंच में होगा जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम, सांसद चिंतामणि महाराज होंगे मुख्य अतिथि
सूरजपुर, 19 जून (हि.स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को प्रातः 7 बजे रंगमंच सूरजपुर में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में सांसद चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
सांसद चिंतामणि महाराज एवं कलेक्टर ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम योग फॉर हेल्दी एजिंग निर्धारित की गई है। यह थीम योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय और सम्मानजनक वृद्धावस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने पर केंद्रित है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित समय पर रंगमंच सूरजपुर पहुंचकर सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने के अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय