28 नवंबर से अंतर-क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता , 40 कॉलेजों के 200 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
जगदलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। बस्तर जिला मुख्यालय के कुम्हरावण्ड स्थित शहीद गुण्डाधूर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में आगामी 28 से 30 नवंबर तक खेलों का रोमांच देखने को मिलेगा।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अधिष्ठाता छात्र कल्याण के तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय विश्वविद्यालय स्तरीय अंतर-क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियां जोर-शोर से अंतिम चरण में हैं। इस खेल महाकुंभ में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से 5 अंतर-क्षेत्रीय टीमों के करीब 200 छात्र-छात्राएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ 28 नवंबर 2026 (शनिवार) को प्रातः 11:00 बजे महाविद्यालय परिसर में होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, जगदलपुर के कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव होंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा शिरकत करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मेजबान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आर.एस. नेताम करेंगे। उद्घाटन अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में विभिन्न कृषि महाविद्यालयों के अधिष्ठाता एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इनमें डॉ. संतोष कुमार सिन्हा (अंबिकापुर), डॉ. एस.एल. स्वामी (बिलासपुर), डॉ. एच.एल. सोनबोइर (भाठापारा), डॉ. ललित रामटेके (साजा, बेमेतरा) और परिक्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र जगदलपुर के सह संचालक अनुसंधान डॉ. ए.के. ठाकुर शामिल हैं।
आयोजन सचिव एवं क्रीड़ा प्रभारी डॉ. आरआर कंवर ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 17 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें एथलेटिक्स के अंतर्गत 100, 200, 400, 800 व 1500 मीटर दौड़, हाई जंप और लॉन्ग जंप के मुकाबले होंगे। इसके अलावा कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस और बैडमिंटन (सिंगल व डबल) में भी खिलाड़ी जोर आजमाइश करेंगे। मैचों के निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए शासकीय विद्यालयों के 10 अनुभवी रेफरियों की नियुक्ति की गई है।
इस प्रतियोगिता में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के दक्षिण, उत्तर, पूर्वी, पश्चिमी एवं मध्य क्षेत्रों के 29 शासकीय और 11 निजी कुल 40 महाविद्यालयों के चयनित खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। टीमों के जगदलपुर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। महाविद्यालय प्रबंधन ने खेल मैदानों को संवारने के साथ-साथ बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे