चांपा रेलवे स्टेशन पर चला सघन टिकट जांच अभियान, 264 यात्रियों से वसूला गया 1.62 लाख रुपये जुर्माना

 


जांजगीर-चांपा, 31 मई (हि. स.)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ आज रविवार काे चांपा रेलवे स्टेशन पर विशेष “नाका टिकट चेकिंग अभियान” चलाकर 17 ट्रेनों की जांच की गई। अभियान के दौरान बिना टिकट और नियमों का उल्लंघन कर यात्रा करने वाले 264 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल एक लाख 62 हजार 565 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह अभियान टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने और बिना टिकट यात्रा करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान टिकट जांच कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने संयुक्त रूप से स्टेशन और ट्रेनों में व्यापक जांच की।

इस विशेष अभियान का संचालन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.एस. चौहान के नेतृत्व में किया गया। अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) और आरपीएफ की टीम शामिल रही।

जांच के दौरान चांपा स्टेशन से होकर गुजरने वाली 17 ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। कार्रवाई में कुल 264 मामले सामने आए। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले 192 यात्रियों से 1 लाख 28 हजार 835 रुपये, अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले 61 यात्रियों से 32 हजार 630 रुपये तथा बिना बुक कराए सामान लेकर यात्रा करने वाले 11 यात्रियों से एक हजार 100 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले वैध टिकट अवश्य खरीदें और रेलवे नियमों का पालन करें। बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT