कोरबा के आज़ाद चौक में चला सघन पल्स पोलियो अभियान, बच्चों को पिलाई गई 'दो बूंद जिंदगी की'
कोरबा, 28 जून (हि. स.)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, गेवरा क्षेत्र के तत्वावधान में आजाद चौक में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
यह अभियान सिस्टर रागिनी तिवारी की देखरेख में संचालित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छोटे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।
2026 के पल्स पोलियो अभियान की मुख्य थीम -'पोलियो का अंत: हर बच्चा, हर टीका, हर जगह' और 'पोलियो अब खत्म करें: हर बच्चे की रक्षा करें' के तहत आज रविवार 28 जून को बूथ पर टीकाकरण किया गया। वहीं 29 व 30 जून 2026 को घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत, पार्षद रिशी सिदार, युवा नेता राधेश्याम सिंह एवं समाजसेवी राघव मनहर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खुद बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभिभावकों से अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से टीका लगवाने की अपील की।
अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का एकमात्र उपाय 'दो बूंद हर बार' है। समाज के हर वर्ग को इस अभियान से जुड़कर देश को पोलियो मुक्त बनाने में सहयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिकों ने अपने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलवाई और अभियान को सफल बनाया।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी