इंस्पायर-अवार्ड मानक में नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ी
अब 10 अक्टूबर तक विद्यार्थी कर सकेंगे ऑनलाइन नामांकन, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को मिलेगा प्रोत्साहन
बलरामपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। इंस्पायर-अवार्ड मानक योजना वर्ष 2026-27 के तहत विद्यार्थियों के नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब जिले के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थी 10 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन नामांकन करा सकेंगे।
इंस्पायर-मानक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार की पहल है। इसका उद्देश्य विद्यालय स्तर पर नवाचार और वैज्ञानिक सोच रखने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने मौलिक विचारों और नवाचारी परियोजनाओं को सामने रखने का अवसर मिलता है।
जिला शिक्षा विभाग ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्रमुखों से कहा है कि वे अपने विद्यालय के विद्यार्थियों के मौलिक विचारों और नवाचारी परियोजनाओं का निर्धारित समय-सीमा में नामांकन कराएं। विभाग ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों को योजना से जोड़ने और उन्हें अपनी नवाचार संबंधी सोच को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करने की अपील की है।
नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ने से विद्यार्थियों और विद्यालयों को आवेदन पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। जिला शिक्षा विभाग ने विद्यालय प्रबंधन से समय-सीमा का ध्यान रखते हुए नामांकन प्रक्रिया पूरी कराने को कहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय