जांजगीर-नैला में जल आवर्धन योजना का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, हसदेव से घर-घर पहुंचेगा शुद्ध पानी

 






जांजगीर-चांपा, 4 अप्रैल (हि. स.)। जिले में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित जल आवर्धन योजना का आज शनिवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और तय समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बताया कि इस योजना के तहत पाइपलाइन विस्तार के साथ 9.30 लाख लीटर और 24.50 लाख लीटर क्षमता के ओवरहेड टैंकों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही शहर के विभिन्न वार्डों में घर-घर जल कनेक्शन देने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।

कलेक्टर महोबे ने बिरगहनी स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी जायजा लिया। उन्होंने जल शोधन प्रक्रिया, मशीनरी इंस्टॉलेशन और फिल्ट्रेशन सिस्टम की विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और तकनीकी त्रुटियों से बचने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्माण एजेंसियों को नवंबर 2027 तक योजना पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके पूरा होने पर जांजगीर-नैला में हसदेव नदी से नियमित और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इससे शहरवासियों को पेयजल की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT