कोरगांव में जनमन आवास योजना का निरीक्षण, समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश

 


धमतरी, 25 मार्च (हि.स.)।धमतरी जिले के जनपद पंचायत मगरलोड के ग्राम पंचायत कोरगांव में कमार योजना के अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर निर्माण कार्य की प्रगति और सामने आ रही समस्याओं की जानकारी ली।

निरीक्षण टीम ने हितग्राहियों को आवास निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया और कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, जिन हितग्राहियों द्वारा निर्माण कार्य में उदासीनता बरती जा रही थी, उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए निर्धारित समयसीमा में आवास पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ समय पर मिल सके, इसके लिए सभी हितग्राहियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी की जा सकती है।

निरीक्षण के दौरान मनरेगा प्रोग्रामर भावेश नाथ योगी, बीसी प्रसन्न डूबे, आपरेटर रोहित देवांगन, तकनीकी सहायक भूमिका साहू, सचिव रामनारायण साहू, रोजगार सहायक संतोषी साहू, आवास मित्र सहित पंचायत के पंचगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा