खाद्य व औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, जागरूकता पर जोर

 




धमतरी, 04 मई (हि.स.)। जिले में आम नागरिकों को सुरक्षित खाद्य और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सही दवा, शुद्ध आहार अभियान के तहत व्यापक जांच अभियान जारी है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीमों द्वारा जिलेभर में होटल-रेस्टोरेंट, अस्पतालों, वैक्सीन स्टोरेज केंद्रों और दवा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से न केवल व्यवस्थाओं की पड़ताल की जा रही है बल्कि संबंधित संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर जागरूक भी किया जा रहा है ताकि जनस्वास्थ्य से जुड़े मानकों का बेहतर पालन सुनिश्चित हो सके।

सही दवा, शुद्ध आहार अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा दो अलग-अलग टीमों का गठन कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। खाद्य प्रकोष्ठ की टीम ने शहर के प्रमुख होटल, रेस्टोरेंट, जलेबी भंडार, अस्पताल कैंटीन और निजी स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम ने गंगरेल रेस्टोरेंट, हिंदूजा रेस्टोरेंट, भगवती हिंदू होटल, अराधना जलेबी भंडार, सूरज होटल सहित जिला अस्पताल कैंटीन, क्रिश्चियन अस्पताल और उपाध्याय नर्सिंग होम में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संचालकों को खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, स्वच्छता बनाए रखने, अखाद्य रंगों का उपयोग न करने तथा अखबार में खाद्य सामग्री परोसने से बचने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य पंजीयन प्रमाणपत्र को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने को कहा गया। वहीं औषधि प्रकोष्ठ द्वारा निजी अस्पतालों, वैक्सीन एजेंसियों और शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में वैक्सीन कोल्ड चेन और स्टोरेज व्यवस्था की जांच की गई। कई स्थानों पर घरेलू रेफ्रिजरेटर के उपयोग पर आपत्ति जताते हुए आईएलआर और डीप फ्रीजर के उपयोग के निर्देश दिए गए। तापमान लागबुक संधारण, स्टाक रजिस्टर अपडेट रखने और स्टाफ को प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही थोक औषधि विक्रेताओं के यहां दस्तावेजों की जांच कर मनःप्रभावी दवाओं के क्रय-विक्रय की मासिक जानकारी विभाग को देने के निर्देश दिए गए।

अभिहित अधिकारी सर्वेश कुमार यादव ने सभी खाद्य कारोबारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनस्वास्थ्य सुरक्षा अभियान में सहयोग करें ताकि सुरक्षित खाद्य और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा