महिला सुरक्षा के लिए नवागढ़ पुलिस की पहल, अमोरा (महंत) में बनी 50 सदस्यीय महिला कमांडो टीम
जांजगीर-चांपा, 07 मार्च (हि. स.)। जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अमोरा (महंत) में आज शनिवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय गांव पहुंचे और ग्रामीणों तथा महिलाओं के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने महिलाओं को समाज में अपनी सुरक्षा और जागरूकता के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए गांव में 50 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। इस टीम में गांव की सक्रिय और जागरूक महिलाओं को शामिल किया गया है।
महिला कमांडो टीम का उद्देश्य गांव और आसपास के क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करना, सामाजिक जागरूकता बढ़ाना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाना है। साथ ही यह टीम महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने महिला कमांडो टीम को उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टीम गांव में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देगी। इसके अलावा यह टीम समाज में नशे और अपराध जैसी बुराइयों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का कार्य भी करेगी।
महिला कमांडो टीम की पहचान और उनके कार्य में सहयोग के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम की महिलाओं को टोपी और सीटी भी वितरित की गई। इससे वे अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए लोगों के बीच आसानी से पहचानी जा सकेंगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग को और मजबूत किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने भी महिला कमांडो टीम के गठन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और समाज में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामवासी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस विभाग को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और महिलाओं ने समाज में सुरक्षा और जागरूकता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस कार्यक्रम में निरीक्षक कमलेश सेंडे, थाना प्रभारी नवागढ़ सहित थाना स्टाफ भी उपस्थित रहा।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT