योग शिविर में लोगों को दी गई आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा की जानकारी
धमतरी, 11 जून (हि.स.)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व जन-जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित 15वां सुशासन योग शिविर गुरूवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। चित्रा अष्टांग योग केंद्र, हाउसिंग बोर्ड कालोनी हटकेशर धमतरी द्वारा नगर के विभिन्न वार्डों में समाधान शिविर स्थलों पर निश्शुल्क योग जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला।
अधिकांश वार्डों में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय देते हुए सक्रिय सहभागिता निभाई, जबकि कुछ क्षेत्रों में अभी भी स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की गई।
चित्रा अष्टांग योग केंद्र के संचालक डा दिनेश कुमार नाग ने कहा कि योग केवल रोग होने पर अपनाने की विधि नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। उन्होंने बताया कि अधिकांश लोग बीमारी के बाद योग शुरू करते हैं, जबकि निरोग और संतुलित जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 21 जून को भारत सहित दुनिया के 180 से अधिक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इसी कड़ी में धमतरी नगर में सैकड़ों लोगों ने योग के पूर्वाभ्यास में भाग लेकर प्रतिदिन योग करने का संकल्प लिया है।
शिविर में योगाभ्यास के साथ-साथ आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से स्वस्थ रहने के सरल और प्रभावी उपायों की भी जानकारी दी गई। शिविर का संचालन डॉ. दिनेश कुमार नाग एवं उनकी टीम के सदस्य उमेंद्र भारद्वाज, अमित पटेल और तनिश बंजारे ने किया। आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा जनप्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा