कोरबा में उद्योग मंत्री ने दी 96.76 लाख के विकास कार्यों की सौगात, बरेठ समाज को मिला सामुदायिक भवन
कोरबा, 22 अक्टूबर (हि. स.)। उद्योग एवं श्रम मंत्री तथा कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन ने गुरुवार को शहरवासियों को 96.76 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। रशियन हॉस्टल के समीप ढोढ़ीपारा में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने वार्ड क्रमांक 15 में डीएमएफ मद से 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित बरेठ समाज के सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। वहीं वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया में 81.76 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इन कार्यों में कोहड़िया में 48.61 लाख रुपये से मुक्तिधाम निर्माण एवं विकास कार्य, 13.17 लाख रुपये से दो स्थानों पर पचरी निर्माण, 9.98 लाख रुपये से सामुदायिक भवन के समीप पेवर ब्लॉक एवं शेड निर्माण तथा कहरा मोहल्ला में 10 लाख रुपये से शौचालय, किचन शेड और सांस्कृतिक मंच निर्माण शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि समाज का विकास ही शहर के विकास की पहली सीढ़ी है। बीते पौने तीन वर्षों में कोरबा के लगभग 60 समाजों को विकास कार्यों की सौगात दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में शहर को 1100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य मिले हैं। आगामी एक से दो महीनों में 100 करोड़ रुपये से अधिक के नए कार्य भी शुरू किए जाएंगे।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि उद्योग मंत्री शहर के सभी 67 वार्डों और प्रत्येक समाज के विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति नूतन ठाकुर, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और समाजजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी