आजादी के जश्न से पहले पुलिस का एक्शन, 108 बदमाशों पर पैनी नजर
रायपुर, 11 अगस्त (हि. स.)। स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पश्चिम क्षेत्र पुलिस ने बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।
पुलिस ने 9 थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 108 बदमाशों की जांच-पड़ताल और तस्दीक की, जबकि 20 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस की नजर खास तौर पर गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों, आदतन अपराधियों, चाकूबाजों, शराब कोचियों और अड्डेबाजों पर है। पुलिस टीमें लगातार ऐसे लोगों के ठिकानों और संदिग्ध स्थानों पर पहुंचकर जांच कर रही हैं।
स्वतंत्रता दिवस और आने वाले त्योहारों को देखते हुए कई बदमाशों को थाने बुलाकर परेड भी कराई गई। उन्हें साफ शब्दों में समझाया गया कि किसी भी तरह का अपराध, उपद्रव या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश भारी पड़ सकती है। पुलिस ने अपराध छोड़कर सामान्य और शांतिपूर्ण जीवन जीने की भी समझाइश दी।
पुलिस ने पार्क, चौराहे, सुनसान जगह, सार्वजनिक स्थान और अड्डेबाजी वाले इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। चाकू या अन्य अवैध हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की दो टूक चेतावनी है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान माहौल खराब करने या किसी भी तरह का उपद्रव करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
टिकरापारा में सबसे ज्यादा जांच
थाना-वार कार्रवाई में टिकरापारा में 21, न्यू राजेंद्र नगर में 18, पुरानी बस्ती में 15, आजाद चौक, सरस्वती नगर और आमानाका में 10-10, कबीर नगर और डीडी नगर में 9-9 तथा मुजगहन में 6 बदमाशों की जांच की गई।
इनमें टिकरापारा में 6, पुरानी बस्ती में 4, आजाद चौक में 3, जबकि सरस्वती नगर, डीडी नगर और न्यू राजेंद्र नगर में 2-2 तथा आमानाका में 1 व्यक्ति के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर