नगर सैनिकों के मानदेय में वृद्धि, अब 30,870 प्रतिमाह मिलेगा

 

रायपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं में अपनी सेवाएं दे रहे स्वयंसेवी नगर सैनिकों के मानदेय में वृद्धि की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर गृह मंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में राज्य शासन द्वारा नगर सैनिकों के मानदेय में एक बार फिर से भारी बढ़ोतरी की गई है। नए प्रस्ताव के अनुसार, अब सैनिकों का कुल मानदेय बढ़ाकर 30,870 रूपये प्रतिमाह (यानी 1,029 रूपए प्रतिदिन) किया जा रहा है। इस फैसले से प्रदेश के लगभग 7,900 नगर सैनिकों और उनके परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

गृह विभाग द्वारा तैयार किए गए नए प्रस्ताव के अनुसार मूल मानदेय 19,500 रूपये प्रतिमाह, महंगाई भत्ता (58 प्रतिशत) 11,310 रूपये, वर्दी धुलाई भत्ता 60 रूपये इस प्रकार कुल प्रस्तावित मानदेय 30,870 रूपये प्रतिमाह मिलगा।

नगर सैनिकों के मानदेय में समय-समय पर संशोधन किया जाता रहा है। वर्ष 2017 गृह विभाग के आदेश से मानदेय में 3,200 रूपये की वृद्धि कर इसे 10,000 रूपये से बढ़ाकर 13,200 रूपये प्रतिमाह किया गया था। 30 मई 2023 इसके बाद एक अप्रैल 2023 से मानदेय में 6,300 रूपये की और वृद्धि की गई, जिससे यह बढ़कर 19,500 रूपये प्रतिमाह हो गया था।

वर्तमान में माननीय न्यायालय के निर्देशों, लगातार बढ़ती महंगाई तथा नगर सैनिकों द्वारा ड्यूटियों के दौरान कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और अन्य आवश्यक सेवाओं में दिए जा रहे उत्कृष्ट योगदान को ध्यान में रखते हुए गृह विभाग ने यह अनुशंसा की है। शासन के इस कदम से न केवल नगर सैनिकों को आर्थिक संबल (मजबूती) प्राप्त होगी, बल्कि उनका मनोबल और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता भी और अधिक मजबूत होगी। स्वयंसेवी नगर सैनिकों ने मानदेय में हुई इस बढ़ोत्तरी के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर गृह मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल