धमतरी : स्कूली विद्यार्थी सीख रहे कराते के गुर

 


सम्बलपुर में दो दिवसीय कुकीवान ताइक्वांडो वर्कशाप-सेमिनार का शुभारंभ

धमतरी, 18 जुलाई (हि.स.)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सम्बलपुर के जिम एवं स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में 18 एवं 19 जुलाई 2026 को आयोजित दो दिवसीय कुकीवान ताइक्वांडो वर्कशाप-सेमिनार का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। इस आयोजन में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

इंडिया दोजांग स्पोर्ट्स आर्गनाइजेशन, नई दिल्ली, एमेच्योर ताइक्वांडो एसोसिएशन छत्तीसगढ़, रायपुर तथा जिला धमतरी ताइक्वांडो संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सहित अन्य राज्यों से 100 से अधिक खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक भाग ले रहे हैं।

जिला धमतरी ताइक्वांडो संघ के सचिव ओंकार पटेल एवं संतोष निर्मलकर ने बताया कि, कार्यशाला का उद्देश्य खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकों से प्रशिक्षित कर उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ाना है। सेमिनार में अंतरराष्ट्रीय कोच मास्टर प्रबन सेकिया एवं रियोन सेकिया खिलाड़ियों को आधुनिक ताइक्वांडो तकनीकों का प्रशिक्षण दे रहे हैं। दोनों प्रशिक्षक भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण और रजत पदक जीत चुके हैं।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सम्बलपुर के पूर्व सरपंच राजेश चंद्राकर, प्रमोद शार्दूल, ओंकारलाल पटेल एवं संतोष निर्मलकर ने दिल्ली से आए प्रशिक्षकों प्रबन सेकिया और रियोन सेकिया का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा है और वे पूरे मनोयोग से नई तकनीकों का अभ्यास कर अपने कौशल को निखारने में जुटे हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा