चरमुड़िया में नए विद्युत उपकेन्द्र का लोकार्पण, बगौद और चोरभट्ठी में दो नए सबस्टेशनों की रखी गई आधारशिला

 




धमतरी, 09 जून (हि.स.)।क्षेत्र की विद्युत अधोसंरचना को और मजबूत बनाने की दिशा में मंगलवार को बड़ा कदम उठाया गया। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के कुरुद संभाग अंतर्गत ग्राम चरमुड़िया में नवनिर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र का लोकार्पण तथा ग्राम बगौद एवं चोरभट्ठी में दो नए 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्रों का शिलान्यास विधायक अजय चन्द्राकर के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत कुरुद की अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। मुख्य अभियंता ए.के. लखेरा ने क्षेत्र में विद्युत विभाग की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि कुरुद विधानसभा क्षेत्र में पहले से 400 केवी एवं 132 केवी उपकेन्द्रों के साथ 28 विद्युत उपकेन्द्र संचालित हैं। चरमुड़िया उपकेन्द्र के शुरू होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 29 हो जाएगी।

अपने संबोधन में विधायक अजय चन्द्राकर ने कहा कि क्षेत्र में विद्युत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों, किसानों और उद्योगों को बेहतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके। उन्होंने बताया कि चरमुड़िया उपकेन्द्र से 11 गांवों के लगभग 6,662 घरेलू उपभोक्ता और 686 कृषिपंप उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। वहीं चोरभट्ठी में प्रस्तावित उपकेन्द्र के निर्माण से कुरुद एवं भखारा वितरण केन्द्र के आठ गांवों के 5,102 घरेलू तथा 840 कृषिपंप उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बगौद में स्थापित होने वाला नया उपकेन्द्र मरौद क्षेत्र के औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगा। इससे उद्योगों को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति मिलेगी तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली व्यवस्था सुदृढ़ होगी।

अजय चन्द्राकर ने अपने निवास पर सोलर पैनल लगाए जाने का उल्लेख करते हुए आम उपभोक्ताओं को भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री समाधान शिविरों में अधिकाधिक भाग लेकर विद्युत विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। गीतेश्वरी साहू ने भी मुख्यमंत्री समाधान शिविर एवं प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील करते हुए चरमुड़िया उपकेन्द्र से लाभान्वित होने वाले सभी ग्रामीणों को बधाई दी।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत के सदस्य, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, तकनीकी एवं कार्यालयीन कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विकास शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सहायक अभियंता एस.के. कोसरे ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा