जोन में शानदार प्रदर्शन, शिव सिंह वर्मा स्कूल के पांच खिलाड़ी राज्यस्तर पर बनाई जगह

 


धमतरी, 20 अगस्त (हि.स.)। रायपुर जोनस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में टेबल टेनिस और कुश्ती में शानदार प्रदर्शन कर शिव सिंह वर्मा आदर्श शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पांच खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई है। अब यह खिलाड़ी 23 अगस्त तक धमतरी में होने वाली 26वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

टेबल टेनिस की जोन स्तरीय स्पर्धा 10 अगस्त को तिल्दा में आयोजित हुई थी। इसमें अंडर-17 बालिका वर्ग में विद्यालय की फाल्गुनी यादव ने रायपुर जोन में प्रथम स्थान हासिल कर राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई। यह उनका लगातार तीसरी बार राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में चयन है। इससे पहले वह दुर्ग में आयोजित दो राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं के साथ जम्मू में आयोजित राष्ट्रीयस्तरीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वहीं कुश्ती की रायपुर जोन स्तरीय शालेय स्पर्धा 13 अगस्त को धमतरी में हुई। इसमें बालक वर्ग के 51 किलोग्राम वजन वर्ग में चेतन नाग और 74 किलोग्राम में भावेश ध्रुव ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई। वहीं ग्रीको-रोमन शैली में 60 किलोग्राम वर्ग में साहिल मोरे एवं 51 किलोग्राम वर्ग में लितांश सिन्हा का चयन हुआ है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में कुश्ती, टेबल टेनिस सहित 23 खेलों का प्रशिक्षण दिया गया था। इसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है और जिले के अधिक खिलाड़ी संभाग व राज्यस्तर पर चयनित हो रहे हैं। खिलाड़ियों की सफलता जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ नई पीढ़ी को खेलों के लिए प्रेरित करेगी। पीटीआई जेपी देव ने कहा कि पहली बार राज्यस्तरीय शालेय टेबल टेनिस प्रतियोगिता की मेजबानी धमतरी को मिली है। उन्होंने युवाओं और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता स्थल पहुंचकर कुश्ती एवं टेबल टेनिस के मुकाबले देखने एवं खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की। इ

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा