सूरजपुर : अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 56 घन मीटर रेत से भरे चार हाईवा जब्त

 


सूरजपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। सूरजपुर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। आज सोमवार भैयाथान के गंगोटी क्षेत्र में खनिज विभाग, राजस्व अमले और जिला स्तरीय टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में अवैध रेत का परिवहन कर रहे चार हाईवा जब्त किए गए। सभी वाहनों को पुलिस थाना बसदेई के सुपुर्द कर दिया गया है।

कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर जिलेभर में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन की लगातार निगरानी की जा रही है। जांच के दौरान पत्थर, गिट्टी, मुरूम, मिट्टी, ईंट और रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त किया जा रहा है। साथ ही संबंधित मामलों में प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड भी वसूला जा रहा है।

इसी अभियान के तहत 13 जुलाई को भैयाथान के गंगोटी क्षेत्र में जांच के दौरान चार हाईवा में कुल 56 घन मीटर अवैध रेत का परिवहन करते पाया गया। इसके बाद टीम ने चारों वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए थाना बसदेई के सुपुर्द कर दिया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय