अकलतरा में 184 लीटर अवैध शराब जब्त, एक गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 29 सितंबर (हि.स.)। 2 अक्टूबर को प्रस्तावित शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब की बिक्री की तैयारी कर रहे एक आरोपित को अकलतरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से देशी शराब, अंग्रेजी व्हिस्की और बीयर सहित कुल 184 लीटर अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 88,550 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मंगलवार काे बताया कि पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 सितंबर काे मुखबिर से सूचना मिली कि अकलतरा के गुरुघासीदास मोहल्ला निवासी टेकूलाल बंजारे (41) ने अपने मकान के तहखाने एवं गुप्त कमरों में बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी है और शुष्क दिवस पर उसकी अवैध बिक्री की तैयारी कर रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मकान में दबिश देकर तलाशी ली। इस दौरान 180 एमएल की देशी प्लेन शराब की 610 बोतलें, रोमियो देशी प्लेन शराब की 128 बोतलें, सुपर 30 देशी प्लेन शराब की 21 बोतलें, शेरा देशी मसाला शराब की 7 बोतलें, सुपर 30 मसाला शराब की 17 बोतलें, जम्मू स्पेशल व्हिस्की की 71 बोतलें, ग्रांड कोलंबिया स्पेशल व्हिस्की की 57 बोतलें, गोवा स्पेशल व्हिस्की की 9 बोतलें, मेकडॉवेल नंबर-1 की 23 बोतलें तथा सिम्बा एक्स्ट्रा बीयर की 22 बोतलें बरामद की गईं। पुलिस ने कुल 184 लीटर शराब जब्त की। पुलिस ने सभी शराब जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित के विरुद्ध अकलतरा थाना में अपराध क्रमांक 587/2026 दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत कार्रवाई की गई। उसे सोमवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार काे बताया कि शुष्क दिवस को देखते हुए जिलेभर में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन अथवा बिक्री में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT