धमतरी जिला के भटगांव में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद, 1.20 लाख रुपये के पटाखे जब्त

 


रुद्री पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम के तहत दर्ज किया मामला

धमतरी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन में अवैध पटाखों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके तहत ग्राम भटगांव में एक लाख 20 हजार रुपये के पटाखे जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, एक नवनिर्मित मकान में बिना वैध अनुज्ञप्ति के बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण कर बिक्री की तैयारी की जा रही थी। मामले में 20 वर्षीय शुभम देवांगन, निवासी ग्राम भटगांव, थाना रुद्री के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में अवैध पटाखों के भंडारण, परिवहन और बिक्री पर निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान थाना रुद्री पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भटगांव स्थित एक नवनिर्मित मकान में बिना अनुमति पटाखे रखे गए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी। जांच के दौरान मकान से विभिन्न कंपनियों के पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने कुल 10 खाची और एक कार्टून में रखे पटाखे जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, बिना निर्धारित सुरक्षा इंतजामों के पटाखों का भंडारण आगजनी और दुर्घटना का कारण बन सकता था, जिससे आसपास के लोगों की जान-माल को खतरा उत्पन्न होने की आशंका थी। कार्रवाई के बाद थाना रुद्री में विस्फोटक अधिनियम की धारा में मामला दर्ज किया है। धमतरी पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि पटाखों का भंडारण एवं विक्रय केवल वैध अनुज्ञप्ति और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही करें। अवैध रूप से पटाखों का भंडारण या बिक्री कर लोगों की सुरक्षा को खतरे में न डालें। कहीं भी अवैध पटाखों के भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा