गंगरेल बांध के जलभराव क्षेत्र में अवैध पक्के निर्माण का आरोप, कार्रवाई की मांग

 








धमतरी, 25 नवंबर (हि.स.)। रविशंकर सागर (गंगरेल बांध) के जलभराव एवं तटीय क्षेत्र में निजी आपरेटर द्वारा शासकीय अनुमति की शर्तों का उल्लंघन कर अवैध रूप से पक्के निर्माण किए जाने का आरोप लगाते हुए जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की जिला इकाई ने कलेक्टर अविनाश मिश्रा से शिकायत की है। कार्रवाई नहीं होने पर सदस्यों द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा।

पार्टी ने निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने, अवैध ढांचे को ध्वस्त करने तथा संबंधित संस्था को जारी अनुमति निरस्त करने की मांग की है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि गंगरेल बांध जिले का महत्वपूर्ण पेयजल एवं सिंचाई स्रोत होने के साथ संवेदनशील जल संरचना भी है। इसके जलभराव क्षेत्र में सीमेंट-कंक्रीट के स्थायी निर्माण होने से बांध की सुरक्षा, जल की गुणवत्ता और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। सदस्याें ने बताया कि कलेक्टर कार्यालय द्वारा छह अक्टूबर 2023 को जारी आदेश के तहत संस्था गंगरेल को जलाशय में जल, थल एवं इको टूरिज्म संचालन की सशर्त अनुमति दी गई थी। इसके बावजूद निजी व्यावसायिक आपरेटरों द्वारा अनुमति की शर्तों का उल्लंघन कर ईंटों, सीमेंट-कंक्रीट की नींव तथा लोहे-स्टील के स्थायी ढांचे बनाए जा रहे हैं।

पार्टी ने आशंका जताई कि निर्माण कार्य से बांध की सुरक्षा व्यवस्था और जलाशय का पर्यावरण प्रभावित हो सकता है। जेसीपी के सदस्यों ने प्रशासन से तत्काल निर्माण कार्य रुकवाने, जल संसाधन एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से तीन दिनों के भीतर स्थल निरीक्षण कर पंचनामा तैयार कराने, नियमों के विरुद्ध बने निर्माणों को ध्वस्त करने तथा अनुमति निरस्त करने की मांग की गई है।

पार्टी ने चेतावनी दी है कि सात कार्य दिवसों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर कलेक्ट्रेट एवं जल संसाधन विभाग कार्यालय के सामने उग्र आंदोलन किया जाएगा। साथ ही उच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण में जनहित याचिका दायर करने की बात भी कही है। अमित वर्मा, सोमनाथ गंगरेलाल सिन्हा, यशवंत साहू, समेश कुमार, प्रेमुराम सिन्हा, देवराज निर्मल, तुषार देवांगन एवं हर्ष देवांगन सहित पार्टी ने कहा कि गंगरेल बांध में हो रहे निर्माण पर तत्काल रोक लगे। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष निखिलेश देवान ने कहा कि अनुमति की शर्त क्रमांक 17 के अनुसार जल क्षेत्र में केवल अस्थायी संरचनाओं के निर्माण की अनुमति है, जबकि मौके पर स्थायी निर्माण कराया जा रहा है। इसी तरह शर्त क्रमांक चार के तहत अधिकतम जल स्तर से 50 मीटर की दूरी बनाए रखने का प्रावधान है, लेकिन इसका भी पालन नहीं किया जा रहा है।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के महामंत्री प्रेमुराम सिन्हा ने कहा कि ने कहा कि गंगरेल बांध की सुरक्षा, जल संरक्षण और पर्यावरण की रक्षा जनहित से जुड़ा गंभीर विषय है, इसलिए प्रशासन को इस मामले में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। एक-दूसरे की देखा-देखी यहां पर शासन की आंख में धूल झोंककर निर्माण कराया जा रहा है, जो कि सही नहीं है। इस संबंध में अपर कलेक्टर धमतरी अजय कुमार लकड़ा ने कहा कि जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी द्वारा गंगरेल बांध के जलभराव क्षेत्र में अवैध पक्के निर्माण की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर निर्माण स्थल की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा