68 किलो अवैध गांजा के साथ कार सवार तीन आराेपित गिरफ्तार
सुकमा, 01 अगस्त (हि.स.)। सुकमा जिले के एर्राबोर थाना पुलिस ने आज शनिवार काे कार्रवाई करते हुए दो सफेद रंग की कार से 68 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त कर तीन आरोपितों सोहेल खान, अब्दुल अदील एवं आकाश गौड़, सभी निवासी जिला बीदर कर्नाटक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों द्वारा इस्तेमाल की जा रही दोनाे स्विफ्ट कार, फर्जी नंबर प्लेट, मोबाइल फोन, नकद राशि एवं अन्य दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से दो सफेद रंग की कार में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एर्राबोर बाजार के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहनों से 50 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 68 किलोग्राम पाया गया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 62 लाख 63 हजार 100 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोहेल खान, अब्दुल अदील और आकाश गौड़, सभी निवासी जिला बीदर कर्नाटक, के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) और 29 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2) और 340 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस अब इस अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछ-ताछ के आधार पर आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का भी खुलासा हो सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे