मलदा घाट में मिली सड़ी-गली लाश की हुई पहचान, बुधराम गोंड निकला मृतक; बीमारी से मौत की आशंका

 


कोरबा, 06 अक्टूबर (हि.स.)। कटघोरा थाना क्षेत्र के मलदा घाट में कुछ दिन पहले प्लॉट के पास बनी डबरी से बरामद सड़ी-गली लाश की पहचान आज पुलिस ने कर ली है। मृतक की पहचान जुराली गांव निवासी बुधराम गोंड (करीब 50-55 वर्ष) के रूप में हुई है। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी हालत खराब हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मलदा घाट स्थित एक प्लॉट में बनी डबरी के पास कुछ दिन पहले एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों में इसकी सूचना प्रसारित कर गुमशुदा लोगों की जानकारी जुटानी शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को मृतक के संबंध में जानकारी मिली, जिसके आधार पर उसकी पहचान बुधराम गोंड के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, बुधराम जुराली गांव में अपनी पत्नी के साथ रहता था। उसकी पत्नी कटघोरा में मजदूरी करती है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि बुधराम की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब थी। उसे लकवे की शिकायत थी और चलने-फिरने में भी परेशानी होती थी। वह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद मलदा घाट के एक प्लॉट में बनी डबरी के पास उसका शव बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया बीमारी के कारण मौत होने की आशंका है। हालांकि पुलिस ने मौत के कारणों को लेकर अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। कटघोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी