(अपडेट) शादी के चार महीने बाद तालाब में मिली नवविवाहिता की लाश, मृतिका के पिता ने हत्या का लगाया आरोप

 


बलरामपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरवा में गुरुवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतिका की पहचान 19 वर्षीय संगीता यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज के सौ बिस्तर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि संगीता की मौत तालाब में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

मृतिका के पिता पचावल निवासी गंगा यादव ने बताया कि उनकी बेटी संगीता की शादी इसी वर्ष 12 मई को हुई थी। शादी के बाद से ही उसके साथ मारपीट किए जाने की बात उन्होंने कही है। पिता के अनुसार करीब दो महीने पहले खेत में काम करने के दौरान किसी बात को लेकर संगीता और उसके पति के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई।

गंगा यादव ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन जब वह अपनी बेटी से मिलने गए थे, तब भी उसके साथ मारपीट की गई थी। उन्होंने बताया कि बेटी ने उस समय भी मारपीट की बात बताई थी।

दहेज को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप

मृतिका के पिता ने आरोप लगाया कि शादी के दौरान फ्रिज और वाशिंग मशीन नहीं मिलने को लेकर दामाद अक्सर नाराजगी जताता था। उनका कहना है कि इसी बात को लेकर बेटी और उसके पति के बीच विवाद होता था। पिता ने आशंका जताई है कि दहेज को लेकर हुए विवाद के चलते ही उनकी बेटी की मौत हुई है।

हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

तीन डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम

रामानुजगंज तहसीलदार मनोज पैकरा की निगरानी में रामानुजगंज सौ बिस्तर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के लिए तीन डॉक्टरों की टीम गठित की गई थी, जिसमें एक महिला डॉक्टर भी शामिल थीं। पोस्टमार्टम की फोटोग्राफी भी कराई गई है।

डॉक्टर कनीत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट फॉरेंसिक लैब से प्राप्त रिपोर्ट के बाद ही जारी की जाएगी। इससे मौत के कारणों को स्पष्ट करने में मदद मिलेगी।

हत्या या आत्महत्या, जांच के बाद खुलेगा राज

सनावल थाना प्रभारी बृजलाल भारद्वाल ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज अस्पताल भेजा गया था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल नवविवाहिता की मौत हत्या है या आत्महत्या, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटनास्थल से मिले तथ्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मौत की वजह पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय