बलरामपुर जिला एचपीवी टीकाकरण में प्रदेश में नंबर-1
बलरामपुर, 21 जुलाई (हि.स.)।किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। स्वास्थ्य विभाग की यू-विन प्रगतिशील रिपोर्ट के अनुसार, आज मंगलवार जिले ने निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 100 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज करते हुए छत्तीसगढ़ में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 8,785 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया था। इसके विरुद्ध 8,763 किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। यू-विन पोर्टल पर जिले की उपलब्धि 100 प्रतिशत दर्ज होने के साथ बलरामपुर-रामानुजगंज प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया।
इस सफलता के पीछे स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, मितानिनों, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मैदानी अमले की संयुक्त मेहनत रही। दूरस्थ और विशेष पिछड़ी जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई। नियमित समीक्षा, माइक्रो प्लानिंग और विभागीय समन्वय के जरिए अभियान को सफल बनाया गया।
अभियान के दौरान विद्यालयों की छुट्टियों में छात्राओं तक पहुंचना, अभिभावकों की शंकाओं का समाधान करना और पात्र किशोरियों का सत्यापन जैसी चुनौतियां भी सामने आईं। इन्हें दूर करने के लिए डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाया गया। साथ ही स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से पात्र बालिकाओं की पहचान कर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के दौरान किशोरियों और उनके अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के बारे में भी जागरूक किया। ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क कर अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया गया।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग तथा अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे टीमवर्क और जनसहभागिता का परिणाम बताया। वहीं, सीएमएचओ डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अभिभावकों से स्वास्थ्य विभाग के टीकाकरण अभियानों में सहयोग करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय