घर में आग लगाने के आरोप में दंपति गिरफ्तार

 


बलरामपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के तातापानी चौकी पुलिस ने सुभाष नगर में मकान का दरवाजा तोड़कर आग लगाने के आरोप में एक पुरुष और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना में घर में रखा करीब 5 लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर आज बुधवार काे न्यायालय में पेश किया गया।

बलरामपुर पुलिस के अनुसार, सुभाष नगर निवासी सौमित्र हालदार ने 8 सितंबर को चौकी तातापानी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 6 सितंबर को उनकी मां की तबीयत खराब होने के कारण वह अपने पुराने मकान चले गए थे। इसी दौरान 6 और 7 सितंबर की दरमियानी रात आरोपित जयदेव शील और उसकी दूसरी पत्नी प्रतिमा देवी रवि ने कथित तौर पर दरवाजा तोड़कर मकान में आग लगा दी।

आग से मकान में रखा घरेलू और कीमती सामान जलकर नष्ट हो गया। शिकायत के आधार पर तातापानी चौकी में अपराध क्रमांक 164/2026 दर्ज कर पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद दोनों आरोपित झारखंड चले गए थे। तातापानी पुलिस ने उनकी तलाश करते हुए घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उनके द्वारा अपराध स्वीकार करने का दावा किया है। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर 9 सितंबर को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।

कार्रवाई में तातापानी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक उमेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक संजय राम, आरक्षक 746, 1124 तथा महिला आरक्षक 840 और 1067 का योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय