अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने कलेक्टर ने दिए निर्देश
जगदलपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। बस्तर जिले के कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि बारिश के मौसम में सर्पदंश एवं मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए सभी स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त मात्रा में जीवन रक्षक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। इसके अलावा उन्होंने नक्सल पुनर्वसित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित शासन की सभी पात्रता आधारित योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराने पर चर्चा की।
कलेक्टर आकाश की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आज मंगलवार काे आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सभी स्कूल परिसरों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के लिए होनहार विद्यार्थियों की पहचान कर आवेदन भरवाने तथा बेहतर तैयारी कराने के निर्देश दिए, ताकि जिले से अधिकाधिक विद्यार्थियों का चयन हो सके।
बैठक में टैलेंट तिहार कार्यक्रम, बोलेगा बचपन गतिविधि, अपार आईडी, यू-डाइस, एमबीयू, पीएम श्री विद्यालयों के निर्माण कार्य, बाल वाटिका संचालन तथा पीएम पोषण योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खाद-बीज के भंडारण एवं वितरण की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने अलनिनो के प्रभाव से कम वर्षा की संभावना को देखते हुए किसानों को सूखे की स्थिति हेतु आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए । इसके अलावा निजी खाद विक्रेताओं के यहां निर्धारित दर सूची का अनिवार्य रूप से प्रदर्शन कराने एवं नियमित निरीक्षण करने को भी कहा गया। बैठक में एग्रीस्टैक पंजीयन, खसरावार पंजीकरण एवं ऑनलाइन प्रविष्टियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने भूमि की आवश्यकता वाले प्रकरणों पर चर्चा करते हुए संबंधित एसडीएम द्वारा किए गए क्षेत्रीय निरीक्षण का संज्ञान लिया गया तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया गया।
कलेक्टर ने जिले के संचालित कोचिंग संस्थानों की जांच कर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सेवा डेरा की व्यवस्थाओं, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के विभागवार लंबित प्रकरणों तथा सुशासन तिहार के लंबित आवेदनों की भी समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एफसीआई गोदामों में संग्रहित चावल की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, सहायक कलेक्टर यशवंत सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे ।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे