चंगाई सभा में हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, पास्टर समेत दो गिरफ्तार

 


जांजगीर-चांपा, 11 जून (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में आयोजित एक कथित चंगाई सभा के दौरान हिंदू धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और धर्म प्रचार करने के आरोप में पुलिस ने आज पास्टर सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हिंदू जागरण संगठन में जिला प्रशासन संपर्क प्रमुख के रूप में कार्यरत सतीश सोनी ने थाना सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 11 जून की सुबह उन्हें ग्राम उदयबंद निवासी अवनीश साहू से सूचना मिली कि गुड़ीपारा क्षेत्र में एक घर में चंगाई सभा आयोजित की जा रही है। सभा में बाहरी लोगों को बुलाकर बीमारी का इलाज करने के नाम पर कथित रूप से चमत्कारी पानी पिलाया जा रहा था और ईसाई धर्म से संबंधित बाइबल व अन्य धार्मिक साहित्य का वितरण किया जा रहा था।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि सभा के दौरान हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां की जा रही थीं, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की।

मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा सीएसपी योगिता बाली खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली की टीम तत्काल ग्राम उदयबंद पहुंची, जहां कथित चंगाई सभा संचालित हो रही थी।

पुलिस के अनुसार मौके पर जांच के दौरान सभा में मौजूद लोगों से पूछताछ की गई। इस दौरान मकान मालिक बद्रीनाथ बरेठ (40 वर्ष) निवासी गुड़ीपारा, ग्राम उदयबंद तथा पास्टर रथराम महिलांगे (38 वर्ष) निवासी मूलमुला को हिरासत में लिया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बीमारी के उपचार के बहाने लोगों को बुलाकर ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार करने और हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां करने की बात स्वीकार की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ईसाई धर्म से संबंधित दस्तावेज, बाइबल और अन्य धार्मिक साहित्य भी जब्त किया। इसके बाद दोनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें आज आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और जब्त किए गए दस्तावेजों तथा अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य तथ्य सामने आते हैं तो आगे भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, उप निरीक्षक कमलदास बनर्जी, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा, भीम कुमार श्रीवास, शंकर राजपूत, विनोद राठौर तथा महिला आरक्षक रेखा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT