बिजली बिल की बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर पर रोक लगाकर, 400 यूनिट हाफ बिजली योजना को बहाल किया जाए : रेखचंद जैन

 


जगदलपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने और बिजली बिलों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस द्वारा चलाया जा रहा जनअभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज शुक्रवार काे बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रेखचंद जैन व उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यापानी सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने आज शुक्रवार काे लोकमान्य तिलक वार्ड में घर-घर पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं से सीधा संवाद किया।

इस दौरान उपभोक्ताओं से बिजली बिल, स्मार्ट मीटर तथा उससे जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली गई और उनकी शिकायतों एवं आपत्तियों को दर्ज करते हुए ‘स्मार्ट मीटर विरोधी आवेदन’ भरवाए गए। डोर-टू-डोर अभियान के दौरान बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने बिजली बिल में बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर अपनी चिंताएं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामने रखीं।

पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं के हित में कांग्रेस पार्टी मांगों को सरकार के सामने रख रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्रमुख मांगें स्पष्ट हैं, बिजली बिल में की गई बढ़ोतरी तत्काल वापस ली जाए। स्मार्ट मीटर लगाने पर तत्काल रोक लगाई जाए, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः बहाल किया जाए। बिजली बिल में बढ़ोतरी का सीधा असर मध्यमवर्गीय, गरीब और सामान्य परिवारों पर पड़ रहा है। पहले से महंगाई की मार झेल रहे लोगों के घरेलू बजट पर बिजली के बढ़े हुए खर्च का अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। सरकार को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। कांग्रेस आम जनता के साथ खड़ी है और बिजली उपभोक्ताओं के अधिकारों एवं हितों की लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर शहर के आम उपभोक्ताओं में लगातार असंतोष और चिंता देखने को मिल रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता केवल विरोध प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि घर-घर जाकर वास्तविक समस्याओं को समझेंगे और उन्हें सरकार के समक्ष मजबूती से रखेंगे। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से लोगों से सीधे संपर्क कर उनकी समस्याओं एवं आपत्तियों को दर्ज किया जा रहा है।

उत्तर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सूर्यापानी ने कहा कि लगातार बढ़ते बिजली बिलों का आर्थिक बोझ आम जनता पर डालना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली प्रत्येक परिवार की आवश्यक जरूरत है और बिजली की दरों एवं बिलों से जुड़े किसी भी निर्णय में आम उपभोक्ताओं के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ता वार्डों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी और मांगें पूरी होने तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।

इस दौरान महामंत्री अमरनाथ सिंह,पार्षद शुभम यदु,पूर्व पार्षद दयाराम कश्यप,राजेंद्र पटवा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे