इंटर्न डॉक्टरों की शिष्यवृत्ति में वृद्धि, एक अक्टूबर से लागू
रायपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। राज्य सरकार ने इंटर्न डॉक्टरों की मासिक शिष्यवृत्ति (स्टाइपेंड) बढ़ाने का फैसला लिया है। इस संबंध में मंत्रालय के चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बताया कि अब इंटर्न डॉक्टरों को प्रति माह 25 हजार रुपये की शिष्यवृत्ति (स्टाइपेंड) दी जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार बढ़ी हुई शिष्यवृत्ति एक अक्टूबर 2026 से लागू होगी।
उल्लेखनीय है कि इंटर्न डॉक्टरों ने शिष्यवृत्ति बढ़ाने की मांग को लेकर लगातार आंदाेलनरत रहे हैं। इसके बाद अब सरकार की ओर से शिष्यवृत्ति में वृद्धि का निर्णय लिया गया है। नए आदेश के लागू होने के बाद प्रदेश के पात्र इंटर्न डॉक्टरों को एक अक्टूबर से हर महीने 25 हजार रुपये शिष्यवृत्ति मिलेगी। शिष्यवृत्ति में वृद्धि से मेडिकल इंटर्न डॉक्टरों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार के इस फैसले को चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल