बस्तर जिले के नानगुर में दर्ज की गई सबसे अधिक 15.3 मिमी बारिश दर्ज

 


जगदलपुर, 22 जून (हि.स.)। बस्तर जिले के कई हिस्सों में सोमवार सुबह बादलों की गड़गड़ाहट के साथ झमाझम बारिश हुई, जिसने चिलचिलाती धूप और उमस से परेशान नागरिकों को बड़ी राहत दी है।

मौसम विभाग और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को शुरुआत बेहद सुहावनी रही और अलग-अलग क्षेत्रों में मध्यम से भारी बौछारें दर्ज की गईं। इस दौरान बस्तर जिले के नानगुर तहसील में सबसे अधिक 15.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि जिला मुख्यालय जगदलपुर में 10.8 मिलीमीटर वर्षा के साथ मौसम खुशनुमा हो गया। इसके अलावा बस्तर तहसील में 9.5 मिलीमीटर और लोहांडीगुड़ा में 7.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि भानपुरी में भी हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। वहीं बकावण्ड, बस्तानार, दरभा, तोकापाल और करपावण्ड जैसे क्षेत्रों में सुबह पानी नहीं बरसा, लेकिन आसमान में बादल घिरे हुए हैं।

वर्तमान मानसून सीजन में एक जून से अब तक बस्तर तहसील में उम्मीद से काफी बेहतर बारिश हुई है। यहां पिछले 10 वर्षों के औसत यानी 112.6 मिमी के मुकाबले इस बार अब तक 142.4 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो कि इसके सामान्य औसत का 126.5 प्रतिशत है। इसी तरह करपावंड में भी अब तक औसत के मुकाबले 175.1 प्रतिशत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। आज हुई इस बारिश के बाद पूरे जिले का दैनिक औसत वर्षा का आंकड़ा 4.4 मिमी तक पहुंच गया है, जिससे अब तक की कुल औसत वर्षा का प्रतिशत 78.5 प्रतिशत हो गया है। सुबह-सुबह हुई इस झमाझम बारिश से स्थानीय किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं क्योंकि धान की बोआई और खेतों की जुताई के लिए यह पानी बेहद फायदेमंद माना जा रहा है, और मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मानसून बस्तर के बाकी हिस्सों को भी पूरी तरह सराबोर कर देगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे