हेरोइन सप्लाई का तार राजधानी से जुड़ा, धमतरी में बढ़ रहा नशा
धमतरी, 27 मार्च (हि.स.)। शहर में महंगा नशा हेरोइन का अवैध कारोबार दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। धमतरी पुलिस लगातार हेरोइन पकड़कर कार्रवाई कर रही है। इस कड़ी में धमतरी पुलिस ने हेरोइन के साथ एक युवक को पकड़कर कार्रवाई की है।
आरोपितों के अनुसार हेरोइन का सप्लाई राजधानी रायपुर से होता है और धमतरी शहर में भी दिनोंदिन इस अवैध कारोबार और नशा से युवा जुड़ रहे हैं, जो चिंता का विषय है। थाना सिटी कोतवाली धमतरी को आज शुक्रवार काे मुखबिर से सूचना मिली कि यादव समाज भवन क्षेत्र के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से मादक पदार्थ हेरोइन का विक्रय कर रहा है। खबर पाकर टीम घटना स्थल आमातालाब स्थित यादव समाज भवन के पास पहुंचकर घेराबंदी कर एक युवक को हेरोइन के साथ पकड़ा। आरोपित युवक ने अपना नाम ऋषभ सोनी 26 वर्ष रिसाईपारा धमतरी निवासी बताया। उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 1.45 ग्राम हेरोइन जब्त किया। वहीं पुलिस ने एक नग मोबाइल, नकदी 10 रुपये, दो सिल्वर पेपर समेत अन्य सामाग्री जब्त कर आरोपित के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा