हाथियों के झुंड ने मकानाें काे किया तहत नहस, खूंटे से बंधे मवेशियों काे कुचलकर उतारा माैत के घाट

 


लोरमी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। लोरमी के ग्राम जमुनाही में शनिवार अलसुबह हाथियों के एक झुंड ने भारी उत्पात मचाया है। हाथियों के झुंड ने ग्रामीणों के मकानों को तहस-नहस कर दिया और खूंटे से बंधे बेजुबान मवेशियों को बेरहमी से कुचलकर मार डाला। समय रहते ग्रामीणों ने भागकर अपनी जान बचाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना तड़के सुबह लगभग 3 बजे की है। ग्राम जमुनाही निवासी नीलकंठ यादव ने बताया कि अचानक हाथियों के चिंघाड़ने की तेज आवाज सुनाई दी। जब घर से बाहर निकलकर टॉर्च की रोशनी से देखा, तो हाथियों का एक बड़ा झुंड सीधे उनके घर की तरफ बढ़ रहा था।

खतरे की गंभीरता को देखते हुए अपनी पत्नी और बच्चों को जगाया और आनन-फानन में घर छोड़कर बस्ती की सुरक्षित जगह की ओर भाग निकले। नीलकंठ की सूझबूझ और त्वरित फैसले से उनके परिवार की जान तो बच गई, लेकिन खूंटे में बंधे बेजुबान मवेशियों की जान नहीं बचाई जा सकी।

नीलकंठ ने बताया कि उग्र हाथियों के झुंड ने खूंटे से बंधे मवेशियों को अपने पैरों तले बुरी तरह कुचलकर मार डाला। इसके साथ ही हाथियों ने पूरे मकान को तोड़कर तहस-नहस कर दिया तथा आसपास के अन्य ग्रामीणों के घरों को भी काफी नुकसान पहुँचाया है।

घटना के बाद से जमुनाही समेत आसपास के समूचे वनांचल क्षेत्र में भारी दहशत का माहौल व्याप्त है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुँच चुकी है और हाथियों की आवाजाही पर नजर बनाए रखने के साथ-साथ हुए नुकसान का आकलन करने में जुट गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित परिवार को त्वरित मुआवजा देने और हाथियों के झुंड को गाँव से दूर खदेड़ने की माँग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल