रात व दिन में झमाझम बारिश, जनजीवन रहा प्रभावित
धमतरी, 23 सितंबर (हि.स.)। अंचल में मंगलवार रात से बुधवार दिनभर मौसम का मिजाज बदला रहा। आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ रात में घंटों झमाझम बारिश हुई। बुधवार सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। दोपहर में तेज गर्जना के साथ कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। हालांकि यह बारिश पूरे क्षेत्र में एक समान नहीं हुई और कई स्थानों पर खंड वर्षा का दौर जारी रहा।
बारिश के कारण कई जगह सड़कों और सरकारी कार्यालयों के परिसरों में पानी भर गया। लोग छतरी और बरसाती का सहारा लेकर अपने कार्यालय व गंतव्य तक पहुंचते नजर आए। आषाढ़, सावन और भादो में इस वर्ष अच्छी बारिश हुई है और अब भादो माह अंतिम चरण में है। इसके बावजूद रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। 22 सितंबर की रात अंचल में आंधी-तूफान और तेज गरज-चमक के साथ घंटों बारिश होती रही। देर रात भी अच्छी बारिश हुई। 23 सितंबर की सुबह बूंदाबांदी और हल्की बारिश के बाद दोपहर में तेज गर्जना के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। कहीं बादल छाए रहे तो कहीं तेज बारिश हुई। दोपहर से शाम तक रुक-रुककर बारिश होती रही। देर शाम के बाद बारिश थमने से लोगों ने राहत की सांस ली।
रात में हुई अच्छी बारिश से गंगरेल बांध में पानी की आवक बढ़ गई। कंट्रोल रूम के अनुसार गंगरेल बांध में कैचमेंट क्षेत्र से 10,693 क्यूसेक पानी की आवक हो रही थी, जबकि बांध से 6,110 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। गंगरेल के कैचमेंट क्षेत्र में 42 मिमी बारिश दर्ज की गई और बांध में 95.317 प्रतिशत पानी भर गया है। माड़मसिल्ली बांध के कैचमेंट क्षेत्र में 34 मिमी बारिश हुई। बांध में 99.46 प्रतिशत पानी भरा है तथा 1,391 क्यूसेक पानी की आवक और 500 क्यूसेक पानी की जावक बनी हुई है। दुधावा बांध के कैचमेंट क्षेत्र में 28 मिमी बारिश दर्ज की गई। यहां 93.29 प्रतिशत पानी भरा है, जबकि 584 क्यूसेक पानी की आवक और 260 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। सोंढूर बांध के कैचमेंट क्षेत्र में 85 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बांध में 80.57 प्रतिशत पानी भरा है। यहां 1,298 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि 239 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा