जनदर्शन में 114 आवेदनों की सुनवाई, कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

 


जांजगीर-चांपा, 17 मार्च (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान कुल 114 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में विभिन्न तहसीलों से आए आवेदकों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। चांपा के वार्ड क्रमांक 1 की निवासी श्रीमती भुवनेश्वरी पटेल ने एपीएल राशन कार्ड विलोपन की मांग की, वहीं पामगढ़ तहसील के ग्राम कोसा निवासी राम कुमार सिंह चंदेल ने भूमि सीमांकन कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। इसी तरह बलौदा तहसील के ग्राम पंतोरा निवासी राम कुमार यादव ने अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की।

जांजगीर तहसील के नैला की गोदावरी सूर्यवंशी ने विधवा पेंशन दिलाने, जबकि नवागढ़ तहसील के ग्राम दहिदा निवासी भागवत प्रसाद साहू ने आधार कार्ड में सुधार कराने संबंधी आवेदन दिया।

इसके अलावा भी बड़ी संख्या में आवेदकों ने पीएम आवास, सीमांकन, बंटवारा, त्रुटि सुधार, राशन कार्ड और आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए।

कलेक्टर महोबे ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन पर प्राथमिकता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को समय पर राहत मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT