जांजगीर-चांपा : जनदर्शन में 57 आवेदनों पर सुनवाई, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

 


जांजगीर-चांपा, 28 अप्रैल (हि. स.)। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आज मंगलवार को 57 आवेदनों पर सुनवाई की गई। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में आयोजित इस जनदर्शन में डिप्टी कलेक्टर शशि चौधरी और डिप्टी कलेक्टर देवेन्द्र चौधरी ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

जनदर्शन कार्यक्रम में राशन कार्ड, सड़क निर्माण, बिजली सुविधा, नामांतरण, सीमांकन और राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्ती जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे सामने आए। अधिकारियों ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अकलतरा निवासी आकाश शर्मा ने राशन कार्ड से जुड़ी समस्या रखी, जबकि नवागढ़ विकासखंड के ग्राम मुनुंद से आए आवेदक ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नहर पार सड़क निर्माण की मांग की। वहीं बलौदा तहसील के खैजा मोहल्ला नवापारा निवासी सुखराम कुर्रे ने बिजली खंभा लगाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनदर्शन के माध्यम से आम जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण प्राथमिकता है। इस पहल का उद्देश्य लोगों को राहत पहुंचाना और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT