स्वस्थ युवा ही आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला, प्रशिक्षणरत युवाओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
धमतरी, 04 जून (हि.स.)। जिले के कोलियारी स्थित मधुरिमा गुरुकुल कौशल एवं उद्यमिता विकास संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं एवं युवतियों के लिए गुरुवार काे विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इस शिविर में प्रशिक्षार्थियों के सामान्य स्वास्थ्य, रक्तचाप, वजन, हीमोग्लोबिन स्तर सहित विभिन्न स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ ने प्रशिक्षणार्थियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान युवाओं को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव, मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
उल्लेखनीय है कि मधुरिमा गुरुकुल कौशल एवं उद्यमिता विकास संस्थान में विभिन्न रोजगारोन्मुखी एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। प्रशिक्षण के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना है। उनका मानना है कि कौशल विकास के साथ युवाओं का स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है। स्वस्थ एवं सक्षम युवा ही जिले, राज्य और देश के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान और उपचार संभव हो पाता है।
कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं के कौशल विकास के साथ-साथ उनके समग्र स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता दे रहा है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वस्थ युवा ही आत्मनिर्भर भारत की वास्तविक आधारशिला हैं। साथ ही ऐसे स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की, जिससे प्रशिक्षणार्थियों को स्वस्थ वातावरण में बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा