सोनोग्राफी ठप होते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय, कुरुद से मंगाई मशीन
धमतरी , 06 सितंबर (हि.स.)। जिला अस्पताल में सोनोग्राफी जांच व्यवस्था प्रभावित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की है। सिविल अस्पताल कुरुद में रखी अतिरिक्त यूएसजी मशीन जिला अस्पताल मंगाई गई। मशीन उपलब्ध होने के बाद शनिवार से ही सोनोग्राफी जांच शुरू कर दी गई। इससे जांच के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को राहत मिली है।
जिला अस्पताल में धमतरी शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इनमें गर्भवती महिलाओं की संख्या अधिक रहती है। सोनोग्राफी सेवा प्रभावित होने पर मरीजों को जांच के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वैकल्पिक व्यवस्था शुरू होने से फिलहाल जिला अस्पताल में ही जांच की सुविधा उपलब्ध हो गई है। अस्पताल में नियमित सोनोग्राफी सेवा बहाल रखने के लिए वैकल्पिक मशीन से जांच जारी रखी जा रही है। इससे उन मरीजों को भी सुविधा मिल रही है, जिन्हें चिकित्सकीय सलाह के बाद सोनोग्राफी कराना जरूरी है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को जांच के लिए अलग से व्यवस्था करने की जरूरत नहीं पड़ रही है।
सलाहकार गिरीश कश्यप ने रविवार काे बताया कि जिला अस्पताल की सोनोग्राफी मशीन बंद होने की जानकारी मिलते ही सीएमएचओ की पहल से सिविल अस्पताल कुरुद में रखी अतिरिक्त यूएसजी मशीन मंगवाई गई है। जिला अस्पताल की सोनोग्राफी मशीन के मानिटर में दिक्कतें आ रही थी। इसे मेंटेनेंस के लिए रायपुर भेजा गया है। मेडीसिटी द्वारा इसका निशुल्क मेंटेनेंस किया जा रहा है।
सीएमएचओ डाॅ. यूएल कौशिक ने बताया कि जिला अस्पताल में गुरुवार से सोनोग्राफी व्यवस्था प्रभावित होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद शनिवार को सिविल अस्पताल कुरुद से सोनोग्राफी मशीन मंगवाकर जांच व्यवस्था बहाल करवाई गई है। जिला अस्पताल में धमतरी शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से गर्भवती महिलाएं उपचार के लिए आती हैं। उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था करवा दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा