बाढ़ प्रभावित दरगहन में स्वास्थ्य शिविर, प्रभावित गांवों में बांटी दवाइयां
धमतरी, 26 सितंबर (हि.स.)। जिले में लगातार बारिश के बाद जलभराव और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अब बारिश थमने पर जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। इसी क्रम में शनिवार काे बाढ़ प्रभावित ग्राम दरगहन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
शिविर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार दवाइयां वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें बाढ़ प्रभावित अन्य गांवों में भी लगातार पहुंचकर लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। ग्राम सिरसिदा, आम सेलडीप और नारी सहित प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद ग्रामीणों को आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुरक्षा के साथ उनके स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए आवश्यकता के अनुसार चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं, जिससे प्रभावित ग्रामीणों को गांव और आसपास ही समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य दल को सूचित करें और प्रशासन द्वारा जारी आवश्यक सावधानियों का पालन करें।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा