तीज से पहले बस स्टाप में उमड़ी तीजहारिनों की भीड़

 


धमतरी, 13 सितंबर (हि.स.)। सुहाग, सौभाग्य और पति की लंबी आयु की कामना के लिए मनाया जाने वाला हरितालिका तीज पर्व सोमवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पर्व से एक दिन पहले रविवार को शहर के अलग-अलग बस स्टाप पर मायके जाने वाली तीजहारिनों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही बस स्टैंड और प्रमुख चौक-चौराहों पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ी रही। खासकर महिलाओं की संख्या अधिक होने के कारण बसों में भीड़ रही और कई बसें यात्रियों से पूरी तरह भरकर रवाना हुईं।

रायपुर, कुरूद, अभनपुर और राजिम की ओर जाने वाली महिलाओं की भीड़ नया बस स्टैंड में नजर आई। वहीं कुकरेल, नगरी, माड़मसिल्ली और सिहावा क्षेत्र की ओर जाने वाली तीजहारिनें सिहावा बस स्टॉप पहुंचीं। पुरूर, गुरूर, चारामा, कांकेर, लखनपुरी, कोरर, भानुप्रतापपुर, केशकाल, कोंडागांव और जगदलपुर की ओर जाने वाली महिलाओं की अच्छी-खासी भीड़ अंबेडकर चौक बस स्टॉप पर रही। इसी तरह आमदी, पलारी, अरमरीकला, गुंडरदेही, दुर्ग और राजनांदगांव की तरफ जाने वाली महिलाओं की आवाजाही रत्नाबांधा चौक बस स्टाप पर बढ़ी रही। बसों में जगह नहीं मिलने के कारण कई महिलाओं को ऑटो का सहारा लेना पड़ा। बस स्टॉप पर लंबे समय तक इंतजार के बाद भी जब बसें भरकर पहुंचीं तो महिलाओं ने समूह बनाकर ऑटो बुक किए और मायके की ओर रवाना हुईं। त्योहार के दौरान हर साल की तरह इस बार भी बस स्टैंड पर यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक रही। महिलाओं के साथ उनके सामान और तीज की तैयारियों से जुड़ी सामग्री भी नजर आई, जिससे बस स्टैंड का माहौल पूरी तरह पर्वमय दिखाई दिया।

बाजार में रही रौनक:

हरितालिका तीज के साथ इस बार गणेश चतुर्थी का भी शुभ संयोग होने से त्योहार का उत्साह बाजारों में भी नजर आ रहा है। कपड़े, शृंगार सामग्री, पूजन सामग्री, फल-मिष्ठान और अन्य आवश्यक सामान की दुकानों पर भीड़ बढ़ी है। मायके जाने से पहले महिलाओं ने खरीदारी भी की। त्योहार के चलते शहर में आवागमन बढ़ने के साथ बस स्टैंड और प्रमुख मार्गों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा