(फॉलाेअप) मृत युवती का सुसाइड नोट में लिखावट की कराई जा रही जांच : सीएसपी

 


जगदलपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। जिले के काेतवाली थाना क्षेत्र में बाफना लाइफ स्टाइल में कार्यरत युवती दीपा की मौत के मामले में शव के पास से बरामद सुसाइड नोट की सत्यता परखने उसे हैंडराइटिंग और फोरेंसिक एक्सपर्ट के पास भेजा है।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि सभी डिजिटल और भौतिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं घटना से आक्रोशित परिजनों ने इसे सामान्य आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष जांच दल का गठन किया है। इसकी कमान नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अंशिका जैन संभाल रही हैं। उल्‍लेखनीय है क‍ि दो नवंबर को बाफना लाइफ स्‍टाइल की छत पर युवती दीपा का शव म‍िला था, ज‍िसके पास से पुल‍िस ने एक सुसाइड नोट भी बरामद क‍िया था।

सीएसपी अंशिका जैन ने बुधवार काे बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मौके से मिले सुसाइड नोट में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट उल्लेख नहीं है। पत्र में लिखावट किसकी है, इसकी जांच कराई जा रही है। युवती के मोबाइल डेटा की तकनीकी और फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। युवती के शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है। डॉक्टरों की प्राथमिक रिपोर्ट में मौत की असली वजह क्या सामने आई है, इसे लेकर पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि पूरी रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे