ओलावृष्टि व असामयिक बारिश से फसलें प्रभावित, 72 घंटे में सूचना देकर पाएं बीमा लाभ
धमतरी, 18 मार्च (हि.स.)।
जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि और असामयिक वर्षा ने किसानों की मेहनत पर असर डाला है। फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन ने किसानों से समय पर सूचना देने की अपील की है, ताकि वे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्षतिपूर्ति का लाभ ले सकें।
कृषि विभाग के अनुसार, रबी मौसम 2025-26 में अधिसूचित ग्रामों के जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है और उनकी फसलें ओलावृष्टि या बेमौसम बारिश से प्रभावित हुई हैं, वे अपनी क्षति की जानकारी 72 घंटे के भीतर दर्ज कराएं। निर्धारित समय-सीमा के बाद दी गई सूचना पर दावा मान्य नहीं होगा।
किसान अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से टोल फ्री नंबर 14447 और 18004190344 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा, बीमा कंपनी के अभिकर्ता और कृषि विभाग का मैदानी अमला भी किसानों की मदद के लिए सक्रिय है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समय पर सूचना देने पर ही बीमा दावा स्वीकार किया जाएगा, जिससे प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई संभव हो सकेगी। किसानों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें और तय समय-सीमा के भीतर अपनी फसल क्षति की जानकारी अवश्य दर्ज कराएं। अधिक जानकारी के लिए नजदीकी कृषि कार्यालय, ग्राम स्तरीय अमले या बीमा प्रतिनिधि से संपर्क किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा