गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी चुनाव, जसपाल सिंह छाबड़ा बने नए अध्यक्ष
धमतरी, 23 मार्च (हि.स.)। शहर के सिख समाज के लिए अहम माने जाने वाले गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। समाजजनों की सक्रिय भागीदारी के बीच हुए इस चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए मतदान पद्धति अपनाई गई, जिसमें कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मतगणना के बाद जसपाल सिंह छाबड़ा ने जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। उन्हें कुल 96 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंदी हरमिंदर सिंह छाबड़ा को 84 वोट मिले। इस तरह जसपाल सिंह छाबड़ा ने 12 मतों के अंतर से जीत हासिल की। चुनाव में कुल 187 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, वहीं सात मत निरस्त घोषित किए गए।
इस चुनाव को लेकर सिख समाज में खासा उत्साह देखने को मिला। कड़े मुकाबले के बाद नेतृत्व में बदलाव को समाज के भीतर नई दिशा के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। नव-निर्वाचित अध्यक्ष जसपाल सिंह छाबड़ा अब गुरुद्वारा प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेंगे और समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की चुनौती उनके सामने होगी। उनकी जीत की घोषणा होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। शहर भर से विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं सर्व समाज के लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा