रायपुर : विधानसभा घेरने निकले अतिथि शिक्षक, मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन

 


रायपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। राज्य अतिथि शिक्षक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ के बैनर तले गुरुवार को बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विधानसभा घेराव किया।

प्रदर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे अतिथि शिक्षकों ने नियमितीकरण, रोजगार सुरक्षा और सेवा संबंधी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि, वर्षों से स्कूलों में सेवाएं देने के बावजूद उन्हें स्थायी नियुक्ति और रोजगार सुरक्षा नहीं मिल सकी है। संघ ने मांग की कि, अतिथि शिक्षकों के अनुभव को ध्यान में रखते हुए नियमितीकरण की नीति बनाई जाए और सेवा शर्तों में सुधार किया जाए।

विधानसभा घेराव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। प्रदर्शनकारियों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प और धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। बाद में पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर प्रदर्शन समाप्त कराया।

संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि, यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर