जीएसटी की टीम ने नकली गुटखा बनाने की दाे मशीनें और 30 बोरा अवैध गुटखा किया जब्त
दुर्ग, 20 सितंबर (हि.स.)। सेंट्रल जीएसटी की टीम ने रविवार काे बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित स्टेशन चौक पर एक अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मौके से नकली गुटखा बनाने की 2 मशीनें और 30 बोरा अवैध गुटखा जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, तीन गाड़ियों में पहुंची सेंट्रल जीएसटी की टीम ने फैक्ट्री पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मिले मशीन और सामग्री को जब्त कर रायपुर के लिए रवाना हो गई। कुम्हारी के अलावा नगपुरा क्षेत्र में भी जीएसटी की टीम ने इसी तरह फैक्ट्री में कार्रवाई की है।
दरअसल, कुम्हारी के रजत सेल्स नामक फैक्ट्री में दो माह पहले भी जीएसटी की टीम ने नकली गुटका और अवैध कारोबार पर कार्यवाई की थी। टीम ने फैक्ट्री से सितार और अन्य ब्रांडेड गुटखा कंपनियों के पैकेट जब्त किये थे। कार्रवाई के दौरान दस्तावेज भी मिले थे।
इसके बाद लगातार नकली गुटका और जीएसटी विभाग को धोखे में रखकर अवैध कारोबार करने वालो पर सेंट्रल जीएसटी की नजर थी। इस क्रम में स्टेशन रोड स्थित इस नए स्थान पर छापेमारी की गई है। इस मामले में सेंट्रल जीएसटी की आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल