(संशोधित) डेढ़ लाख रिश्वत लेते पकड़ी गई जीएसटी अधिकारी अंचला निलंबित, नाली में फेंके थे नोट

 


कांकेर, 22 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ी गई जीएसटी अधिकारी अंचला गिरी को आज रव‍िवार को निलंबित कर दिया गया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने उन्हें एक स्क्रैप कारोबारी से गाड़ी छोड़ने के बदले रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा था। छापे के दौरान अधिकारी और उसके साथी ने पकड़े जाने के डर से नोटों के बंडल नाली में फेंक दिए थे। शनिवार को एसीबी की टीम ने अधिकारी अंचला गिरी और इमरान को गिरफ्तार किया था। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है। यह कार्रवाई जगदलपुर एसीबी की टीम ने की है। राज्य कर विभाग ने जीएसटी अधिकारी को निलंबित कर उनका मुख्यालय जगदलपुर निर्धारित किया है।

शिकायतकर्ता कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज ने बताया कि 18 नवंबर को उनकी गाड़ी स्क्रैप लेकर जा रही थी। बिल होने के बावजूद गाड़ी को रोक लिया गया। उनका आरोप है कि अंचला गिरी जीएसटी में अधिकृत नहीं थीं, इसके बावजूद उन्होंने गाड़ी रुकवाई और 10 लाख रुपये की पेनाल्टी मांगी, जबकि गाड़ी में लोड माल की कीमत सिर्फ 03 लाख रुपये थी। शिकायतकर्ता कारोबारी के अनुसार अधिकारी ने गाड़ी जब्त करने और कार्रवाई करने की धमकी दी। मामला सेटल करने के लिए पहले 02 लाख रुपये मांगे गए, फिर डेढ़ लाख रुपए देने की बात हुई। इसमें से 50 हजार रुपए पेनाल्टी के तौर पर कटाने और बाकी रकम घर पहुंचकर देने की बात तय हुई।

पूरी कार्रवाई आदर्श नगर स्थित अधिकारी के किराए के मकान में दबिश देकर की गई। एसीबी की टीम को सामने देखते ही असिस्टेंट कमिश्नर घबरा गईं और पकड़े जाने के डर से डेढ़ लाख रुपए पास की नाली में फेंककर घर के अंदर भागने लगीं। इससे पहले कि वे अंदर जाकर हाथ धो पातीं, एसीबी की महिला सदस्यों ने उन्हें पकड़ लिया और बाहर से सीए इमरान मेमन को भी हिरासत में ले लिया गया। जब दोनों के हाथ धुलवाए गए, तो पानी गुलाबी हो गया, जिससे नोटों पर लगे केमिकल की पुष्टि हुई। इस पुख्ता प्रमाण के आधार पर एसीबी ने दोनों आरोपियों को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 07 और 12 के तहत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई जारी है।

एसीबी अधिकारी रमेश कुमार मरकाम ने बताया कि रिश्वत की रकम मध्यस्थ इमरान मेमन लेकर आया था। उसने यह रकम जीएसटीअधिकारी अंचला गिरी को दी थी। मामले में इमरान की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जीएसटी विभाग में पदस्थ असिस्टेंट कमिश्नर अंचला गिरी को डेढ़ लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया है। सहयोगी इमरान को भी गिरफ्तार किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे