रायपुर : उद्योग मंत्री देवांगन और आवास मंत्री ओपी चौधरी ने गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का किया भूमिपूजन
- 235 करोड़ का निवेश कर रही स्विफ्ट टेक्सटाइल्स, चार हजार से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार
- 81 एकड़ में विकसित किया जा रहा टेक्सटाइल पार्क
रायपुर, 25 जून (हि.स.)। राज्य शासन द्वारा नवा रायपुर में स्थापित किए जा रहे टेक्सटाइल पार्क में आज पहला मील का पत्थर लगा। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन तथा आवास मंत्री ओपी चौधरी ने आज गुरुवार को टेक्सटाइल पार्क की पहली यूनिट का भूमिपूजन किया।
तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड 235 करोड़ रुपये के निवेश से यहां गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगा रही है। इस यूनिट से 4650 लोगों को रोजगार मिलेगा। टेक्सटाइल और गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को देश-विदेश में नई पहचान दिलाने यह अहम कदम है।
टेक्सटाइल पार्क में पहली यूनिट के लिए भूमिपूजन करते हुए उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि, एक टेक्सटाइल फैक्ट्री सिर्फ इंडस्ट्रियल क्षमता ही नहीं बढ़ाती, बल्कि हजारों परिवारों के लिए रोजगार के साधन भी बनाती है। इस सेक्टर में हमारे युवाओं और महिलाओं, खासकर ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में रोजगार देने की बहुत क्षमता है। नवा रायपुर में स्विफ्ट टेक्सटाइल्स की मेनुफैक्चरिंग यूनिट की स्थापना इस दिशा में एक और अहम कदम है।
आवास मंत्री ओ.पी. चौधरी ने इस मौके पर कहा कि, हम छत्तीसगढ़ को देश का नया टेक्सटाइल हब बनाएंगे। इस सेक्टर में हम राज्य के युवाओं को बहुत बड़ी संख्या में रोजगार दे सकते हैं। इसके लिए निवेशकों की जो भी जरूरतें होंगी, बिजली, पानी, अधोसंरचना, कनेक्टीविटी... सभी हम प्राथमिकता से उपलब्ध कराएंगे। कंपनी मुख्य रूप से बच्चों के कपड़े (किड्सवियर) और यूरोपीय व अमेरिकी बाजारों में निर्यात पर ध्यान केंद्रित करते हुए निट गारमेंट्स और कपड़े बनाएगी। टेक्सटाइल पार्क 81 एकड़ में विकसित किया जा रहा है।
इस दौरान सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार, स्विफ्ट टेक्सटाइल्स की श्रीमती रेवती गांधी, रमेश कृष्णन, विष्णु निरंजन और सेल्वा कुमार सहित वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर