एचटीपीएस कोरबा पश्चिम में शुरू हुआ हरित अभियान, मानसून में 22,500 पौधे लगाने का लक्ष्य

 




कोरबा, 30 जुलाई (हि. स.)। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम में मानसून के आगमन के साथ व्यापक पौधरोपण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और हरित क्षेत्र का विस्तार करने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान के तहत आज फलदार एवं स्थानीय प्रजातियों के सैकड़ों पौधे मिनी हाइडल प्लांट परिसर में रोपे गए। इस वर्ष एचटीपीएस प्रबंधन ने पूरे मानसून सीजन में 22,500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

पौधरोपण अभियान का शुभारंभ मुख्य अभियंता एच.के. सिंह की अध्यक्षता एवं पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर के मुख्य आतिथ्य में किया गया। दोनों अधिकारियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत स्वयं पौधे लगाकर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रसन्ना सोनकर ने कहा कि पौधरोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रकृति ने हमें जो अमूल्य संसाधन दिए हैं, उन्हें संरक्षित और समृद्ध करना हम सभी का दायित्व है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनकी देखभाल कर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सकता है।

कार्यक्रम में औद्योगिक वृक्षारोपण मंडल कोरबा के मंडल प्रबंधक दिवाकर पाठक, अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता, आर.के. पांडे, पी.के. जोशी, के.एन.बी. राव, एस.के. नायर, एस.सी. पाठक, परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या तथा वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ ए.के. कुरनाल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियंता एस.के. नायर ने स्वागत उद्बोधन दिया। वहीं, पूरे आयोजन का समन्वय अधीक्षण अभियंता राजेश बंजारा तथा सहायक प्रबंधक (पर्यावरण) विकास उइके ने किया।

एचटीपीएस प्रबंधन का कहना है कि पौधरोपण अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन के माध्यम से परिसर को अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना भी है। फलदार और स्थानीय प्रजातियों के पौधों के चयन से जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी