संत रविदास जयंती पर भोथली मंडल में निकली भव्य कलश यात्रा

 




धमतरी, 22 अगस्त (हि.स.)। संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी कलश वंदन अभियान के तहत भोथली मंडल में दो दिवसीय भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ शनिवार को हुआ। ग्राम कानीडबरी से शुरू हुई यात्रा अमेठी, कलारतराई, बंजारी, परसुली, दर्री, खरेंगा, सारंगपुरी सहित विभिन्न गांवों से होकर गुजरी। यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, अभियान के प्रभारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

गांव-गांव पहुंची कलश यात्रा का ग्रामीणों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ स्वागत किया। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की, जबकि

ग्रामीणों ने फूल-माला, नारियल, पूजा-अर्चना और आरती के माध्यम से संत रविदास जी के प्रति श्रद्धा प्रकट की। यात्रा के दौरान संत रविदास जी के

जीवन, आदर्शों, सामाजिक समरसता, समानता, भक्ति और मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया। वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, समानता और भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी सामाजिक एकता और समरसता के लिए प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के पिछड़ा आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद तथा वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सहकार भारती छत्तीसगढ़ के मंत्री दयाराम साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों ने संत रविदास जी के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संदेश किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणादायी है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक समरसता और मजबूत राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। भोथली मंडल अध्यक्ष मिस्त्रीलाल पटेल के मार्गदर्शन और कलश वंदन अभियान संयोजक हीरेंद्र साहू के संयोजन में यात्रा का संचालन किया गया।

यात्रा में गीतेश्वरी निरंजन साहू, पहलाद हिरवानी, शेखनलाल साहू, ममता निषाद, पूर्णिमा, रेणुका साहू, चोखेलाल साहू, पंकज साहू, राजू अग्निवंशी, माधवेंद्र हिरवानी, गोपाल सिन्हा, विष्णु साहू, गौतम साहू, नरेश साहू, निर्मला साहू, धनु जांगड़े, अर्जुन सोनकर, रघु साहू, मनोज साहू, भगवती विश्वकर्मा, योगेश्वर साहू, तुकाराम साहू, राजेंद्र भारती, छत्रपाल डहरे, सोहन चक्रधारी, टीकाराम, रामकुमार यादव, लोकनाथ साहू, चेतन यदु सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कलश यात्रा के दौरान गांव-गांव उमड़ा श्रद्धा और उत्साह संत रविदास जी के प्रति जनमानस की आस्था को दर्शाता रहा। महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता ने यात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान किया। भोथली मंडल में चल रहा कलश वंदन अभियान संत रविदास जी के ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ जैसे लोककल्याणकारी संदेश और सामाजिक समरसता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा