जांजगीर में तेजस योग मंदिर एवं मेडिटेशन सेंटर का भव्य शुभारंभ, विधायक ब्यास कश्यप ने किया उद्घाटन
जांजगीर चांपा, 05 अप्रैल (हि. स.)। क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता और बेहतर जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहर के बीटीआई चौक में स्थापित तेजस योग मंदिर एवं मेडिटेशन सेंटर का भव्य शुभारंभ आज रविवार को विधायक ब्यास कश्यप के द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में चिकित्सक, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विधायक कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में योग स्वस्थ जीवन का आधार बन चुका है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी मजबूत होता है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
योग केंद्र की संचालिका मीता यादव ने बताया कि यहां विभिन्न प्रकार के योग, प्राणायाम और ध्यान की कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जिससे सभी आयु वर्ग के लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में के. डी. महंत सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं कृषि विज्ञान केंद्र जांजगीर के प्रमुख ने इसे महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि इस पहल से शहर को निश्चित रूप से स्वास्थ्य लाभ मिलेगा।
डॉ. रंजीत मोदी और डॉ. लोकेंद्र कश्यप ने कहा कि आजकल बड़ी संख्या में लोग शारीरिक जकड़न और अवसाद जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिनके लिए योग और मेडिटेशन बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अब तक शहर में इस तरह का व्यवस्थित केंद्र नहीं था, जिससे मरीजों को नियमित योग के लिए परेशानी होती थी, लेकिन इस केंद्र के शुरू होने से यह कमी दूर होगी।
समाजसेवी दीपक यादव (सचिव, जिला स्काउट गाइड) ने भी लोगों से योग को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में महेंद्र राठौर, डॉ. अमित केसरवानी, किशन आदित्य, प्रियांश तिवारी, आरिफ मनिहार, हर प्रसाद बंजारे सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन अंशु यादव द्वारा किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार /लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT