कोरबा:सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल में भव्य ग्रेजुएशन सेरेमनी, 250 नन्हें विद्यार्थियों का सम्मान

 




कोरबा, 23 मार्च (हि. स.)।सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल, कोरबा में सोमवार को गरिमामय एवं भव्य ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में अदानी कोरबा पावर लिमिटेड के प्लांट हेड मुला रवि उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जीएम अखिलेश सिंह एवं एचआर विभाग से किशोर कुमार सिंह शामिल हुए। अतिथियों का पारंपरिक तरीके से बैज लगाकर एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन प्रमोद झा, प्रबंधक डॉ. डी. के. आनंद, प्रभारी प्राचार्या रीता मुखर्जी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत गुरुवंदना से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर नर्सरी, पीपी-1 एवं पीपी-2 के लगभग 250 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों के महत्व को अपनाने की प्रेरणा दी तथा विद्यालय द्वारा प्रदान की जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सराहना की।

समारोह में ‘मेमोरी लेन’ शीर्षक से वीडियो प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया, जिसमें विद्यार्थियों के विद्यालयीन जीवन के यादगार पलों को दर्शाया गया। साथ ही प्री-प्राइमरी विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

विद्यालय प्रबंधन द्वारा आगामी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। इसमें प्री-प्राइमरी विंग के लिए नए भवन का निर्माण, स्विमिंग पूल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं कॉन्फ्रेंस हॉल की स्थापना शामिल है। इसके अलावा सत्र 2026-27 के लिए नई शैक्षणिक योजनाएं, कक्षा 11वीं में नए विषयों की शुरुआत तथा विद्यालय में स्थापित एनसीसी विंग की जानकारी डिजिटल माध्यम से दी गई।

समारोह में सभी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास और उत्साह का संचार हुआ। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके सहयोग से ही संस्था निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।

यह समारोह विद्यार्थियों के लिए न केवल एक यादगार अनुभव रहा, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम भी सिद्ध हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी